enewsmp.com
Home सीधी दर्पण पुरानी रंजिश के चलते महिला की हत्या, परिजनों ने किया सेमरिया हनुमानगढ़ रोड में चक्का जाम...

पुरानी रंजिश के चलते महिला की हत्या, परिजनों ने किया सेमरिया हनुमानगढ़ रोड में चक्का जाम...

सीधी(ईन्यूज एमपी) सेमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पोंडी में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। गांव की 55 वर्षीय राजवंती जायसवाल की कथित रूप से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों सहित ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
जानकारी के अनुसार गांव के ही रामसजीवन विश्वकर्मा उर्फ कदे का किसी बात को लेकर राजवंती जायसवाल से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान रामसजीवन विश्वकर्मा ने महिला के साथ जमकर मारपीट की। वहीं मृतिका के परिजनों का आरोप है कि आरोपी की पत्नी सुशीला विश्वकर्मा ने राजवंती को पकड़ रखा था, जिससे वह खुद को बचा नहीं सकीं। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सेमरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी रामसजीवन विश्वकर्मा उर्फ कदे को गिरफ्तार कर लिया है। आक्रोशित ग्रामीणों ने सेमरिया-हनुमानगढ़ मार्ग पर चक्का जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान सडक़ के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात घंटों तक प्रभावित रहा। प्रदर्शन कर रहे लोगों की मांग थी कि मामले में शामिल महिला आरोपी को भी तत्काल गिरफ्तार किया जाए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रामसजीवन विश्वकर्मा उर्फ कदे पहले भी अपने भाई की हत्या के मामले में जेल जा चुका है और जेल से बाहर आने के बाद उसने एक बार फिर हत्या की वारदात को अंजाम दिया है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।

घटना के संबंध में थाना प्रभारी सेमरिया केदार परौहा ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया गया है। वहीं आंदोलनकारियों को भी समझाइस दी गई है कि पूरे मामले की विधिवत जांच होगी इसमें और जो भी दोषी होंगे उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। थाना प्रभारी के आश्वास के बाद चक्काजाम आंदोलन समाप्त हम गया है फिलहाल कानून व्यवस्था दुरुस्त है ।

Share:

Leave a Comment