enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी के जंगल में गुफा से मिला महिला का कंकाल, 15 दिन से लापता थी गुड़िया बैगा

सीधी के जंगल में गुफा से मिला महिला का कंकाल, 15 दिन से लापता थी गुड़िया बैगा

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के कुसमी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुन्दौर गांव में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जंगल की एक गुफा से महिला का कंकाल बरामद हुआ। माटी डोंगर पहाड़ स्थित दुर्गम गुफा में कंबल में लिपटा शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान कंकाल की पहचान करीब 15 दिनों से लापता गुड़िया बैगा के रूप में की गई।

जानकारी के अनुसार यह गुफा सीधी जिला मुख्यालय से लगभग 80 किलोमीटर दूर घने जंगल और पहाड़ियों के बीच स्थित है। दोपहर के समय ग्रामीणों ने गुफा के भीतर कंबल में लिपटा शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पोड़ी चौकी और कुसमी थाना पुलिस जब मौके पर पहुंची और कंबल हटाया, तब शव पूरी तरह सड़-गलकर कंकाल में तब्दील हो चुका था।

दुर्गम रास्ते के कारण पुलिसकर्मियों को महिला के शव को कंधे पर लादकर जंगल से बाहर लाना पड़ा। घटनास्थल पर थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी और चौकी प्रभारी डीके रावत सहित पुलिस टीम मौजूद रही।

पति पर बढ़ा शक

ग्रामीण सत्यवान बैगा ने बताया कि गुड़िया बैगा करीब 15 दिनों से गांव से लापता थी। वहीं उसका पति बुद्धसेन बैगा भी पिछले दो दिनों से गांव में दिखाई नहीं दिया है। ग्रामीणों के अनुसार पत्नी के गायब होने के बाद उसने न तो उसकी तलाश की और न ही किसी को इसकी सूचना दी, जिससे मामले में संदेह और गहरा गया है।

हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

थाना प्रभारी अरुणा द्विवेदी ने बताया कि शव काफी पुराना है और उसे कंबल में लपेटकर गुफा में रखा गया था। प्रारंभिक तौर पर महिला की हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

करीब 30 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत का यह मामला अब हत्या और साक्ष्य छिपाने की आशंका के चलते पुलिस जांच का बड़ा विषय बन गया है।

Share:

Leave a Comment