सीधी(ईन्यूज एमपी)-जिले में अपराध नियंत्रण और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए सीधी पुलिस द्वारा विशेष साप्ताहिक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं समस्त अनुविभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में 24-25 मई 2026 की दरम्यानी रात जिलेभर में यह अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में फरार आरोपियों, वारंटियों, गुंडा बदमाशों और निगरानी बदमाशों के विरुद्ध सघन कार्रवाई की गई। पुलिस ने 3 स्थाई वारंट एवं 28 गिरफ्तारी वारंट तामील करते हुए कुल 31 फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। कॉम्बिंग गश्त के दौरान 37 गुंडा बदमाश एवं 24 निगरानी बदमाशों की भी सघन चेकिंग की गई। सभी को भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने और कानून व्यवस्था भंग न करने की सख्त चेतावनी दी गई। पुलिस विभाग के अनुसार जिले में अपराधों पर नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के विशेष अभियान लगातार चलाए जाते हैं। अभियान के तहत हत्या, लूट, डकैती, मारपीट, आबकारी तथा अन्य गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की तलाश कर कार्रवाई की जाती है। सीधी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।