enewsmp.com
Home सीधी दर्पण CM डॉ. मोहन यादव ने सिंगरौली को दी 552 करोड़ की विकास सौगात...

CM डॉ. मोहन यादव ने सिंगरौली को दी 552 करोड़ की विकास सौगात...

सिंगरौली (ईन्यूज़ एमपी) मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को सिंगरौली जिले को 552 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन करने के साथ ही प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के हितग्राहियों के खातों में सिंगल क्लिक से 317 करोड़ रुपये से अधिक राशि अंतरित की।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत प्रदेश की 24 लाख महिलाओं के खातों में गैस रीफिल के लिए लगभग 115 करोड़ रुपये की अनुदान राशि भेजी। वहीं सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के 33.71 लाख से अधिक हितग्राहियों को 202.28 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की गई।

सिंगरौली में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व मंच पर नई पहचान बना रहा है और मध्यप्रदेश भी विकास की इस यात्रा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं, किसानों, युवाओं और गरीबों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने सिंगरौली को प्रदेश की “ऊर्जा का पावर हाउस” बताते हुए कहा कि यह जिला आर्थिक दृष्टि से भी मध्यप्रदेश के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सिंगरौली अब केवल कोयला उत्पादन के लिए ही नहीं, बल्कि नई संभावनाओं और संसाधनों के लिए भी पहचाना जा रहा है। जिले के समग्र विकास के लिए सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि सिंगरौली जिले में चार सांदीपनि विद्यालय स्थापित किए गए हैं और इस वर्ष एमपी बोर्ड की मेरिट सूची में जिले के पांच विद्यार्थियों ने स्थान हासिल कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण, नदी जोड़ो अभियान और सामूहिक विवाह जैसी पहलों को भी महत्वपूर्ण बताते हुए लोगों से सादगी अपनाने और अनावश्यक खर्चों से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।

Share:

Leave a Comment