सीधी (ईन्यूज़ एमपी)। रीवा जोन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार 2.0” के तहत जमोड़ी पुलिस ने नशा कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 लाख 96 हजार रुपये कीमत की 3,480 शीशी प्रतिबंधित ऑनरेक्स कफ सिरप जब्त की है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सजहवा-नेबूहा-कठौली मार्ग स्थित एक पुलिया के नीचे बिक्री के लिए बड़ी मात्रा में नशीली कफ सिरप छिपाकर रखी गई है। सूचना मिलते ही थाना जमोड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान पुलिया के नीचे रखी 29 बोरियों से ऑनरेक्स कफ सिरप की 3,480 सीलबंद शीशियां बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार जब्त सिरप में कोडीन फॉस्फेट पाया गया, जो एनडीपीएस एक्ट के तहत नियंत्रित मादक पदार्थ की श्रेणी में आता है। बरामद सिरप की अनुमानित कीमत 6.96 लाख रुपये बताई गई है। मामले में थाना जमोड़ी में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं मप्र ड्रग्स कंट्रोल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस खेप के स्रोत, परिवहन और इसमें शामिल तस्करों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा और युवाओं का भविष्य खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। यह कार्रवाई थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में जमोड़ी पुलिस टीम द्वारा की गई, जिसे जिले की हालिया सबसे बड़ी नशा विरोधी कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है।