enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी में हृदयविदारक हादसा: आग की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की मौत..

सीधी में हृदयविदारक हादसा: आग की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की मौत..

सीधी ( ईन्यूज एमपी) जिले के जमोड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत कसिहवा गांव में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक अग्निकांड में एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। भीषण गर्मी के बीच लगी आग ने कुछ ही मिनटों में खपरैल के मकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घर के अंदर मौजूद दो बेटियों और एक बेटे की जान चली गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कसिहवा निवासी रामरतन साकेत के खपरैल मकान के समीप लगे बिजली के खंभे के ज्वाइंटर में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ। शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारियां घर के आसपास जमा सूखी पत्तियों, झाड़ियों पर गिर गईं। भीषण गर्मी और तेज लपटों के कारण आग तेजी से फैलते हुए सीधे मकान तक पहुंच गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय बच्चों के पिता मजदूरी के लिए बाहर गए हुए थे, जबकि मां सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकान से राशन लेने गई थी। इसी दौरान घर में मौजूद तीनों मासूम आग की चपेट में आ गए। हादसे में दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसे एक अन्य बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने भी दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना मिलने पर पुलिस और जिला प्रशासन के स्थानीय अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन द्वारा घटना की जांच कराई जा रही है तथा आग लगने के कारणों की पुष्टि के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की मौत ने कसिहवा गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। यह हादसा भीषण गर्मी के मौसम में बिजली व्यवस्था और अग्नि सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल भी खड़े कर रहा है।

Share:

Leave a Comment