सीधी (ईन्यूज एमपी)-सीधी संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा जिले के ग्राम चौफाल पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों के साथ तेंदूपत्ता संग्रहण में सहभागिता कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान सांसद ने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी आजीविका, दैनिक चुनौतियों और आवश्यकताओं के संबंध में चर्चा की। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को इन योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि तेंदूपत्ता संग्रहण से जुड़े ग्रामीण परिवारों की आजीविका को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शासन का उद्देश्य योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है, ताकि जरूरतमंद परिवार आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के समग्र विकास, रोजगार के अवसर बढ़ाने और जीवन स्तर में सुधार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ऐसे प्रयासों से स्थानीय समुदायों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सकारात्मक परिणाम मिल रहे हैं। इस अवसर पर डॉ. देवेंद्र त्रिपाठी, रामरति सिंह, सूर्यप्रताप सिंह, प्रभाशंकर शर्मा, हंसराज यादव, बब्बू भुजवा, विनोद यादव, वन विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।