enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी:खदानों में ब्लास्टिंग पर सख्ती: प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी, औचक निरीक्षण तेज—नियम तोड़ने पर कड़ी कार्रवाई तय

सीधी:खदानों में ब्लास्टिंग पर सख्ती: प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी, औचक निरीक्षण तेज—नियम तोड़ने पर कड़ी कार्रवाई तय

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में पत्थर खदानों और क्रशर संयंत्रों में ब्लास्टिंग को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी विकास मिश्रा के निर्देश पर विस्फोटक सामग्री के उपयोग और सुरक्षा मानकों की निगरानी तेज कर दी गई है। इसके तहत खनिज विभाग द्वारा लगातार औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में खनि अधिकारी कपिल मुनि शुक्ला ने खनि निरीक्षक शिशिर यादव के साथ गोपदबनास तहसील अंतर्गत ग्राम बहेरा पश्चिम, अमहवा और उपनी क्षेत्र की स्वीकृत खदानों एवं क्रशर संयंत्रों का गहन निरीक्षण किया। जांच के दौरान कहीं भी विस्फोटक सामग्री नहीं पाई गई, जिससे फिलहाल नियमों के पालन की पुष्टि हुई।

निरीक्षण के दौरान खदान संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी प्रकार की ब्लास्टिंग गतिविधि केवल सक्षम प्राधिकारी से पूर्व अनुमति प्राप्त करने के बाद ही की जाए। प्रशासन ने दो टूक कहा है कि सुरक्षा मानकों या नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और उल्लंघन पाए जाने पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में सभी खदानों और क्रशर इकाइयों का व्यापक स्तर पर औचक निरीक्षण किया जाएगा। इसके अलावा ब्लास्टिंग प्रक्रिया, विस्फोटक सामग्री के सुरक्षित भंडारण और उपयोग को लेकर सख्त निगरानी रखी जाएगी।

इस संबंध में 18 मई 2026 को चुरहट एवं रामपुर नैकिन क्षेत्र के खदान संचालकों के साथ उपखंड मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक भी आयोजित की जाएगी। बैठक में सुरक्षा उपायों की समीक्षा, नियमों के पालन की स्थिति और भविष्य की जांच रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी।

प्रशासन की इस सख्ती को खदान क्षेत्रों में सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Share:

Leave a Comment