enewsmp.com
Home सीधी दर्पण आकाशीय बिजली की चपेट में आया नाबालिग, खेत में काम करते समय हादसा—जिला अस्पताल में भर्ती

आकाशीय बिजली की चपेट में आया नाबालिग, खेत में काम करते समय हादसा—जिला अस्पताल में भर्ती

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के जमोड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कतरी काड़ी में आकाशीय बिजली गिरने से एक नाबालिग गंभीर रूप से झुलस गया। घटना रविवार दोपहर की है, जब 17 वर्षीय संतोष सिंह खेत में काम कर रहा था। अचानक मौसम खराब होने के बीच बिजली गिरने से वह बेहोश होकर खेत में गिर पड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संतोष सिंह दोपहर करीब 3 बजे अपने खेत में मेढ़ बनाने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान मौसम ने अचानक करवट ली और हल्की बारिश शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज चमक के साथ गिरी आकाशीय बिजली सीधे संतोष की चपेट में आ गई, जिससे वह मौके पर ही गिरकर कांपने लगा।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल संतोष को उसके परिजनों के साथ बाइक से जिला अस्पताल सीधी पहुंचाया, जहां तत्काल उपचार शुरू किया गया।

जिला अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर बृजेश पांडे के अनुसार, युवक आकाशीय बिजली की चपेट में आया है और उसकी हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि युवक सदमे के कारण घबराहट और कंपकंपी की स्थिति में है, हालांकि इलाज जारी है और जल्द सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

घटना के बाद ग्रामीणों ने खराब मौसम के दौरान खेतों में काम न करने की अपील की है। मौसम विशेषज्ञों द्वारा भी लगातार चेतावनी जारी की जाती रही है कि बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति में खुले स्थानों से दूर रहना चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Share:

Leave a Comment