सीधी(ईन्यूज एमपी)- शहर में स्वच्छता और जनस्वास्थ्य को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए खुले में चिकन बिक्री पर रोक लगाने की दिशा में कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर विकास मिश्रा ने शहर क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रिया पाठक सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने चिकान मोहल्ला पहुंचकर खुले में चिकन बिक्री कर रहे विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि 1 जून से सभी विक्रेता वार्ड क्रमांक 6 स्थित निर्धारित मीट मंडी में ही बिक्री करें। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्देशों का उल्लंघन करने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान कलेक्टर ने सुखा नाला क्षेत्र का भी निरीक्षण किया और वहां हो रहे अतिक्रमण पर नाराजगी जताई। संबंधित विभाग को तत्काल अतिक्रमण हटाने और नाला क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाए रखने के निर्देश दिए गए। प्रशासन की इस कार्रवाई को “स्वच्छ शहर, स्वस्थ शहर” अभियान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शहर को स्वच्छ व व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा।