भगवान निषादराज के आदर्शों पर चलकर सामाजिक समरसता और जनकल्याण का लिया संकल्प सीधी(ईन्यूज एमपी)-जिले के रामपुर नैकिन विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत गुजरेड़ में निषादराज/केवट जयंती का आयोजन हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर मछुआ चैपाल का आयोजन कर मत्स्यपालकों को विभागीय योजनाओं एवं उन्नत मत्स्य पालन तकनीकों की जानकारी प्रदान की गई। गुरुवार 15 मई को सांसद डॉ. राजेश मिश्रा के मुख्य आतिथ्य तथा श्रीमती करुणा केवट, सरपंच ग्राम पंचायत गुजरेड़ की अध्यक्षता में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय केवट समाज के प्रबुद्धजन, मत्स्य पालक, मछुआ सहकारी समितियों के अध्यक्ष एवं सदस्य, ग्रामीण तालाबों के पट्टाधारक तथा स्थानीय मत्स्यपालक बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान प्रतिभागियों को मत्स्य पालन विभाग की विभिन्न शासकीय योजनाओं, स्वरोजगार के अवसरों और आधुनिक मत्स्य पालन तकनीकों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने अपने उद्बोधन में भगवान निषादराज जी के आदर्शों को स्मरण करते हुए कहा कि उनका जीवन सेवा, समर्पण, सामाजिक समरसता और जनकल्याण का प्रेरक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि भगवान निषादराज ने अपने आचरण से समाज को निस्वार्थ सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं का संदेश दिया। सांसद ने उपस्थित जनसमुदाय से उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज में एकता, भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही भगवान निषादराज के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत रामपुर नैकिन, तहसीलदार रामपुर नैकिन, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, मत्स्य विभाग की टीम सहित अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।यह आयोजन सामाजिक परंपराओं के सम्मान के साथ-साथ मत्स्यपालक समुदाय के आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुआ।