सीधी/जबलपुर(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश का सीधी जिला अब समावेशी पुलिसिंग और न्याय व्यवस्था का नया उदाहरण बनकर सामने आया है। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर और जिला पुलिस सीधी की संयुक्त पहल से जिले के सभी थानों को मूक-बधिर अनुकूल बनाते हुए ‘संकेत संवाद मध्यस्थता केन्द्र’ की शुरुआत की गई है, जिसका शनिवार को भव्य ई-लोकार्पण किया गया। इस केंद्र का वर्चुअल लोकार्पण भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने किया, जबकि जबलपुर में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम से सीधी के कोतवाली थाना परिसर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जोड़ा गया, जहां स्थानीय स्तर पर भी गरिमामयी आयोजन हुआ। सीधी में स्थापित यह केंद्र मूक-बधिर नागरिकों के लिए न्याय और पुलिस सेवाओं तक सीधी पहुंच सुनिश्चित करेगा। अब ऐसे नागरिकों को अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए किसी तीसरे व्यक्ति पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। जिले के सभी थानों में विशेष क्यूआर कोड लगाए गए हैं, जिन्हें स्कैन करते ही पीड़ित सीधे सांकेतिक भाषा विशेषज्ञ से वीडियो कॉल के माध्यम से जुड़ सकेगा। इसके बाद इंटरप्रेटर शिकायत को समझकर पुलिस अधिकारियों तक सटीक जानकारी पहुंचाएगा। इस व्यवस्था से न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी बल्कि शिकायतों के निराकरण में भी तेजी आएगी। थाना स्तर पर यह बदलाव पुलिस और आमजन के बीच भरोसे को मजबूत करेगा और समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करेगा। सीधी कोतवाली में आयोजित कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश पी.एल. दिनकर, कलेक्टर विकास मिश्रा, एडीजे रविंद्र शर्मा, राकेश कुमार सोनी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विनोद कुमार वर्मा सहित न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस विभाग की ओर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव, थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इस पहल को सफल बनाने में सांकेतिक भाषा विशेषज्ञ अपराजिता पाण्डेय, मूक-बधिर सेवा संघ के प्रतिनिधियों और आनंद सर्विस सोसाइटी के ज्ञानेंद्र पुरोहित एवं मोनिका पुरोहित का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सीधी में शुरू किया गया यह मॉडल अब पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा बन गया है। जानकारी के अनुसार, इंदौर, भोपाल, जबलपुर और रीवा जैसे बड़े शहरों में भी इसी तरह के मूक-बधिर अनुकूल केंद्र शुरू करने की तैयारी की जा रही है।