enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी: 50 CCTV कैमरों की मदद से खुली 2.60 लाख की उठाईगिरी

सीधी: 50 CCTV कैमरों की मदद से खुली 2.60 लाख की उठाईगिरी

छत्तीसगढ़ से शातिर आरोपी गिरफ्तार, अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश

सीधी(ईन्यूज एमपी)- कोतवाली पुलिस ने तकनीकी दक्षता और सतर्क निगरानी के दम पर करीब तीन माह पुरानी 2.60 लाख रुपये की उठाईगिरी की सनसनीखेज वारदात का खुलासा कर अंतर्राज्यीय गिरोह के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को छत्तीसगढ़ के पत्थलगांव से दबोचा गया है।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई।

दिन-दहाड़े बैंक के बाहर हुई थी वारदात

जानकारी के अनुसार 4 फरवरी 2026 को अज्ञात बदमाशों ने बैंक के बाहर रेकी कर पीड़ित की स्कूटी की डिग्गी से नकदी व दस्तावेजों से भरा बैग पार कर दिया था। घटना के बाद थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अभिषेक उपाध्याय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

50 कैमरों की फुटेज खंगालकर मिला सुराग

पुलिस टीम ने शहर के प्रमुख मार्गों और एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स पर लगे 50 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया। कई दिनों की मेहनत के बाद संदिग्धों के हुलिए और वाहन की पहचान कर ली गई।

तकनीकी ट्रैकिंग से छत्तीसगढ़ में दबिश

डिजिटल इनपुट और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की लोकेशन छत्तीसगढ़ में मिलने पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी और मुख्य आरोपी शिवम कुमार नट को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह बैंक के बाहर रेकी कर बड़ी रकम निकालने वालों को निशाना बनाता था और औजारों से डिग्गी का लॉक तोड़कर चोरी करता था।

1 लाख नकद और बाइक बरामद

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने ब्योहारी पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए सह-आरोपी अरुण कंजर उर्फ लेदहा कंजर के ठिकाने से 1 लाख रुपये नकद बरामद किए। साथ ही वारदात में प्रयुक्त होंडा यूनिकॉर्न बाइक भी जब्त की गई।

टीम की सराहनीय भूमिका

पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक विवेक द्विवेदी, प्रधान आरक्षक तिलक राज सिंह एवं आरक्षक सुरेंद्र बैस की भूमिका महत्वपूर्ण रही। इस सफलता पर पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की सराहना करते हुए उत्साहवर्धन किया है।

इस कार्रवाई से न केवल एक बड़ी वारदात का खुलासा हुआ है, बल्कि अंतर्राज्यीय गिरोह की सक्रियता पर भी अंकुश लगा है।

Share:

Leave a Comment