तेज रफ्तार और घाटी में नियंत्रण बिगड़ने से हुआ हादसा, बस में सवार थे 50 से अधिक यात्री सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अमिलई स्थित चरकी घाटी में शुक्रवार शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां एक यात्री बस और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस चालक और ट्रक चालक घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए रामपुर नैकिन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार यात्री बस क्रमांक MP18P 5199 रीवा से शहडोल होते हुए महेंद्रगढ़ की ओर जा रही थी। वहीं ट्रक क्रमांक MP17 HH 3684 ब्यौहारी से रीवा की तरफ आ रहा था। शाम करीब 5 बजे चरकी घाटी के मोड़ पर दोनों वाहन अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि बस और ट्रक दोनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के समय बस में करीब 50 से अधिक यात्री सवार थे, जबकि ट्रक में दो लोग मौजूद थे। टक्कर के बाद बस में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने बस में फंसे घायलों को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पिपराव चौकी प्रभारी शेषमणि मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने बस में सवार अन्य यात्रियों को सुरक्षित दूसरे वाहन से उनके गंतव्य के लिए रवाना कराया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और घाटी क्षेत्र में वाहन पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। हादसे के बाद चरकी घाटी मार्ग पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।