सीधी(ईन्यूज एमपी)- बहरी क्षेत्र में बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा सुबह करीब 6 बजे बहरी-हनुमान नेशनल हाईवे पर सोन नदी के नए पुल के पास हुआ। कार बहरी से अमिलिया की ओर जा रही थी, तभी चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और कार पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन तेज गति में था। पुल के पास पहुंचते ही चालक कार को संभाल नहीं पाया, जिससे हादसा हो गया। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही बताई जा रही है।हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और कार में फंसे युवक को बाहर निकालकर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। फिलहाल युवक का उपचार जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घायल युवक ने बताया कि वह तेंदुहा गांव का निवासी है और चमरौहा में आयोजित एक शादी समारोह से लौट रहा था। हालांकि, उसकी पूरी पहचान की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।घटना की सूचना मिलते ही थाना बहरी पुलिस मौके पर पहुंची। हेड कांस्टेबल राकेश बैस ने बताया कि घायल को तत्काल अस्पताल भेजा गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही वाहन की तकनीकी स्थिति की भी जांच की जा रही है।