enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी में गैस सिलेंडर कालाबाजारी का आरोप, शिवसेना ने कलेक्टर से की जांच की मांग

सीधी में गैस सिलेंडर कालाबाजारी का आरोप, शिवसेना ने कलेक्टर से की जांच की मांग

सीधी (ईन्यूज एमपी)-सीधी में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की कथित कालाबाजारी और गैस चोरी का मामला सामने आया है। इस संबंध में शिवसेना ने जिला कलेक्टर के नाम गोपद बनास एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।

शिवसेना के प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पांडे ने आरोप लगाते हुए बताया कि 14.2 किलोग्राम के घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रूप से गैस निकालकर उसे 19 और 35 किलोग्राम के व्यावसायिक सिलेंडरों में भरा जा रहा है। इसके बाद इन सिलेंडरों को बाजार में कई गुना अधिक कीमत पर बेचा जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में फोटो और वीडियो साक्ष्य भी उपलब्ध हैं।

आरोपों के अनुसार, उपभोक्ताओं को दिए जाने वाले घरेलू सिलेंडरों में भी 2 से 3 किलोग्राम तक गैस कम दी जा रही है, जिससे आम जनता को आर्थिक नुकसान हो रहा है। इसे उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन बताते हुए गंभीर आपराधिक कृत्य बताया गया है।

शिकायत में यह भी आशंका जताई गई है कि इस पूरे प्रकरण में संबंधित गैस एजेंसी संचालकों और उनके कर्मचारियों की संलिप्तता हो सकती है। शिवसेना ने जिला प्रशासन से मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शिवसेना पदाधिकारियों ने कहा कि वे जल्द ही इस मामले से जुड़े सभी प्रमाण और वीडियो आमजन एवं प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत करेंगे, जिससे पूरे मामले का खुलासा हो सके।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलाध्यक्ष बेनाम सिंह बघेल (भोले), जिला महामंत्री सुनील रावत, आनंद साहू, अंजनी सिंह, शिवपूजन साहू, रामनरेश यादव सहित अन्य शिवसैनिक उपस्थित रहे।

Share:

Leave a Comment