enewsmp.com
Home सीधी दर्पण भालू के हमले से एक की मौत, दो घायल – संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र में दुखद घटना

भालू के हमले से एक की मौत, दो घायल – संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र में दुखद घटना

आर्थिक सहायता: तत्काल मदद, 8 लाख की अनुग्रह सहायता राशि स्वीकृत

सीधी (ईन्यूज एमपी)-संजय टाइगर रिजर्व के मड़वास रेंज अंतर्गत भजिगांव बीट के ग्राम नवनगर में भालू के हमले की हृदयविदारक घटना सामने आई है। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम नवनगर निवासी चंद्रबली सिंह (58 वर्ष), पिता लखपति सिंह की भालू के हमले में मृत्यु हो गई। वहीं, शंकर सिंह (50 वर्ष), पिता धरमजीत सिंह एवं रामदास सिंह (35 वर्ष), पिता बृजभान सिंह हमले में घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए पोंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

वन विभाग एवं राजस्व विभाग की टीम द्वारा घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया तथा क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों को जंगल क्षेत्र में जाने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

घटना के पश्चात वन विभाग द्वारा मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए मृतक की पत्नी को उपसंचालक टाइगर रिजर्व श्री राजेश कन्ना टी द्वारा ₹20,000 की तत्काल सहायता राशि प्रदान की गई है। साथ ही शासन के प्रावधानों के अनुसार ₹8 लाख की अनुग्रह राशि स्वीकृत की गई है, जिसका भुगतान नियमानुसार शीघ्र किया जाएगा। इस दौरान उपखंड अधिकारी मझौली आरपी त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन एवं वन विभाग ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। प्रशासन ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है।

Share:

Leave a Comment