enewsmp.com
Home सीधी दर्पण जिला जेल सीधी में 26 अप्रैल को विशेष जेल लोक अदालत

जिला जेल सीधी में 26 अप्रैल को विशेष जेल लोक अदालत

बंदियों के प्रकरणों का होगा त्वरित निराकरण

सीधी(ईन्यूज एमपी)- राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार 26 अप्रैल 2026 को जिला जेल सीधी में विशेष जेल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष प्रयागलाल दिनकर के मार्गदर्शन में किया जाएगा।

इस संबंध में शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीधी के एडीआर भवन में समस्त न्यायिक अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष जेल लोक अदालत के माध्यम से जेल में निरुद्ध विचाराधीन बंदियों के पात्र प्रकरणों के त्वरित निराकरण पर चर्चा की गई। इसमें छोटे अपराध, समझौता योग्य मामले, प्ली बार्गेनिंग तथा अन्य उपयुक्त आपराधिक मामलों और अपीलों को आपसी सहमति से निपटाने पर जोर दिया गया।

बैठक में बताया गया कि इस लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य बंदियों को त्वरित और सुलभ न्याय उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें लंबे समय तक न्यायिक प्रक्रिया में लंबित न रहना पड़े।

अधिकारियों ने लोक अदालत के सफल आयोजन के लिए लंबित प्रकरणों की शीघ्र समीक्षा, अधिक से अधिक मामलों को शामिल करने तथा संबंधित विभागों के समन्वय जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की।

प्रधान जिला न्यायाधीश प्रयागलाल दिनकर ने निर्देश दिए कि जेल में निरुद्ध बंदियों के प्रकरणों की समुचित जांच कर उन्हें शीघ्र निस्तारण के लिए चिन्हित किया जाए, ताकि अधिकाधिक बंदियों को इसका लाभ मिल सके।

बैठक में विशेष न्यायाधीश यतीन्द्र कुमार गुरू, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय दीपक शर्मा, द्वितीय जिला न्यायाधीश मनीष कुमार श्रीवास्तव, प्रथम जिला न्यायाधीश राकेश कुमार सोनी, तृतीय जिला न्यायाधीश रवीन्द्र कुमार शर्मा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विनोद कुमार वर्मा, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुकेश कुमार शिवहरे सहित अन्य न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।

इस विशेष पहल से जेल में निरुद्ध बंदियों के मामलों के शीघ्र निराकरण की उम्मीद जताई जा रही है।

Share:

Leave a Comment