enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सोनार बांग्ला का सपना अब पूरा होकर रहेगा: रीता सोनी

सोनार बांग्ला का सपना अब पूरा होकर रहेगा: रीता सोनी

नॉर्थ 24 परगना की सह प्रभारी ने बंगाल में भाजपा की जीत का किया दावा

सीधी(ईन्यूज एमपी)-भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री एवं नॉर्थ 24 परगना (पश्चिम बंगाल) की सह प्रभारी रीता सोनी ने चुनाव प्रचार के दौरान दावा किया है कि पश्चिम बंगाल में इस बार भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि “सोनार बांग्ला” का सपना अब साकार होकर रहेगा।

उन्होंने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में भारतीय जनता पार्टी एक सशक्त विकल्प के रूप में उभर रही है, जो नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में और पार्टी नेतृत्व के साथ विजय की ओर अग्रसर है। “आसोल पोरिबोर्तन” (वास्तविक परिवर्तन) का नारा अब बंगाल की जनता की आकांक्षा बन चुका है।

रीता सोनी ने कहा कि राज्य में “डबल इंजन” की सरकार बनने से केंद्र की योजनाएं जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत और किसान सम्मान निधि का लाभ हर घर तक पहुंच सकेगा, जो अब तक पूर्ण रूप से लागू नहीं हो पाया है।

उन्होंने औद्योगिक विकास पर जोर देते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनने पर बंद हो रही फैक्ट्रियों को पुनर्जीवित किया जाएगा और आईटी व मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में निवेश बढ़ाकर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा किए जाएंगे।

महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को मजबूत कर महिलाओं को सुरक्षित वातावरण दिया जाएगा तथा शिक्षा और स्वास्थ्य में उनकी भागीदारी बढ़ाई जाएगी।

उन्होंने भ्रष्टाचार और “कट मनी” संस्कृति पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा पारदर्शी शासन के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

रीता सोनी ने कहा कि बंगाल ईश्वर चंद्र विद्यासागर, स्वामी विवेकानंद और रवींद्रनाथ टैगोर की भूमि है, जहां की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए विकास की नई दिशा देना आवश्यक है।

अपने बयान के अंत में उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार पश्चिम बंगाल में भाजपा को भारी समर्थन मिलेगा और राज्य विकास, सुशासन एवं पारदर्शिता की दिशा में आगे बढ़ेगा।

Share:

Leave a Comment