enewsmp.com
Home सीधी दर्पण टंसार में आज वृहद विधिक जागरूकता शिविर, आदिवासियों व श्रमिकों को मिलेगी कानूनी जानकारी

टंसार में आज वृहद विधिक जागरूकता शिविर, आदिवासियों व श्रमिकों को मिलेगी कानूनी जानकारी

सीधी/कुसमी(ईन्यूज एमपी)- जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आज 28 मार्च 2026 (शनिवार) को विकासखंड कुसमी के टंसार में वृहद विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का शुभारंभ प्रातः 10:30 बजे पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टंसार परिसर में होगा।

सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीधी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह शिविर म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य आदिवासी समुदाय को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराना है।

शिविर में प्रतिभागियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं, गरीबी उन्मूलन कार्यक्रमों तथा नागरिक अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष जोर रहेगा।

इस दौरान उपस्थित नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता एवं परामर्श भी प्रदान किया जाएगा, जिससे वे अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकें।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने क्षेत्र के समस्त नागरिकों, विशेषकर आदिवासी एवं श्रमिक वर्ग से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाएं।

Share:

Leave a Comment