सीधी(ईन्यूज एमपी)-जिले में परिवहन विभाग ने सख्ती दिखाते हुए 26 मार्च को रूटीन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान करीब 50 वाहनों की जांच की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 8 वाहनों से कुल 18,500 रुपये शमन शुल्क वसूला गया। जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान कई वाहनों में आवश्यक दस्तावेजों की कमी और मैकेनिकल खामियां पाई गईं। वाहन क्रमांक MP53P0774 (मिश्रा बस) से इंजन से धुआं निकलने की शिकायत मिलने पर उसका निरीक्षण कराया गया, जिसमें टर्बो में खराबी पाई गई। वाहन स्वामी ने मौके पर ही खराबी दूर कराई, जिसके बाद वाहन संचालन के लिए उपयुक्त पाया गया। इसी दौरान वाहन क्रमांक MP17HH5538 को सोनवर्षा टोल प्लाजा से ओवरलोड रेत परिवहन करते हुए भागने पर बड़खड़ा के पास पीछा कर जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान वाहन स्वामी ने चालक को चाबी सहित मौके से भगा दिया। वाहन को जब्त कर उसका रिकॉर्ड लॉक कराने के लिए पंजीयन अधिकारी रीवा को पत्र भेजा गया है और मामले में प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा विभाग ने 3 वाहनों से करीब 6 लाख रुपये बकाया कर की वसूली भी की है। परिवहन विभाग ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।