सीधी(ईन्यूज एमपी)-जिले के रामपुर नैकिन तहसील अंतर्गत ग्राम मझिगवां में बुधवार शाम एक बोलेरो अनियंत्रित होकर बाणसागर नहर में जा गिरी। वाहन में सवार लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए तैरकर अपनी जान बचाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद गुरुवार को स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से नहर में डूबी बोलेरो को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घटना को लेकर चिंता भी जताई गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नहर किनारे सड़क संकरी होने और अतिक्रमण के कारण यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं। बताया गया कि घटना के समय रास्ते में खड़ी एक जेसीबी मशीन के कारण वाहन अनियंत्रित हुआ और नहर में जा गिरा। गौरतलब है कि करीब तीन वर्ष पूर्व इसी नहर में एक भीषण हादसा हुआ था, जिसमें एक यात्री बस गिर गई थी और लगभग 50 लोगों की जान चली गई थी। इस दर्दनाक घटना की यादें आज भी क्षेत्रवासियों के मन में ताजा हैं। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा के लिहाज से नहर किनारे मजबूत रेलिंग लगाने की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी द्वारा इस मार्ग का उपयोग किया जाता है, इसलिए कंपनी को भी यहां सुरक्षा व्यवस्था के तहत रेलिंग निर्माण में सहयोग करना चाहिए। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति न हो सके।