सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक, सीधी में आर्थिक अनियमितता के मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। मझौली शाखा में पदस्थ प्रभारी शाखा प्रबंधक रामसजीवन सेन को निलंबित कर दिया गया है, जबकि मामले में संलिप्त संविदा समिति प्रबंधक छत्रधारी जायसवाल की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री पी.एस. धनवाल ने बताया कि रामसजीवन सेन के विरुद्ध पूर्व में थाना सरई, जिला सिंगरौली में अपराध क्रमांक 144/2017 दर्ज था। जांच में उनके द्वारा आर्थिक अनियमितता और अमानत में खयानत के आरोप प्रमाणित पाए गए। इसके आधार पर बैंक द्वारा अभियोजन की स्वीकृति प्रदान की गई थी। इस प्रकरण में पुलिस द्वारा 9 जनवरी 2021 को जिला एवं सत्र न्यायालय सिंगरौली में चालान पेश किया गया। इसकी जानकारी मिलने के बाद कलेक्टर एवं बैंक प्रशासक स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देश पर बैंक प्रबंधन ने सेवा नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए शाखा प्रबंधक को निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय बरगवां शाखा निर्धारित किया गया है और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। वहीं, इसी मामले में संलिप्त संविदा समिति प्रबंधक छत्रधारी जायसवाल की सेवाएं भी संविदा शर्तों के तहत समाप्त कर दी गई हैं। बैंक प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वित्तीय अनुशासन और पारदर्शिता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।