सीधी(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश के सीधी जिले में रामपुर नैकिन के पास चरकी घाटी में स्टेट हाईवे (रीवा-अमरकंटक मार्ग) का एक हिस्सा अचानक धंस गया, जिससे सड़क पर गहरा गड्ढा बन गया है। यह घटना स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बन गई है। जानकारी के अनुसार अमिलाई स्थित चरखी घाटी में सड़क धंसने के बाद बने गड्ढे में ग्रामीणों ने 50 से अधिक पत्थर डाले, लेकिन गहराई का अंदाजा नहीं लग पाया। इससे आशंका जताई जा रही है कि नीचे कोई बड़ी खोखली संरचना या सुरंग जैसी स्थिति हो सकती है। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए मौके पर पत्थर और झंडे लगाकर अस्थायी अवरोध (बैरिकेड) बना दिए हैं, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो सके। यह मार्ग रीवा-अमरकंटक नेशनल हाईवे का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जहां से रोजाना बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। ऐसे में सड़क धंसने की यह घटना गंभीर खतरे का संकेत मानी जा रही है। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन की ओर से फिलहाल क्षेत्र में सावधानी बरतने की अपील की गई है। खासकर चरखी घाटी और समीपवर्ती चुहिया घाटी क्षेत्र में वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।