सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में शनिवार रात तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रात करीब 8:30 बजे ग्राम जोगीपुर के पास हुआ। जानकारी के अनुसार दोनों युवक रीवा से सीधी की ओर अपने एक दोस्त की शादी में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान सिंगरौली की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके पैर फ्रैक्चर हो गए। घायलों में से एक की पहचान रीवा जिले के रायपुर करचूलियान निवासी आदर्श सिंह के रूप में हुई है, जबकि दूसरे घायल युवक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के कर्मचारी जितेंद्र विश्वकर्मा मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को जिला अस्पताल सीधी में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय ने बताया कि हादसे में दो लोगों के घायल होने की सूचना मिली थी। घायलों को अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया गया है। टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।