enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सिंगरौली में अडाणी पावर प्लांट में मजदूर की मौत के बाद बवाल, आगजनी-तोड़फोड़

सिंगरौली में अडाणी पावर प्लांट में मजदूर की मौत के बाद बवाल, आगजनी-तोड़फोड़

सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)- जिले के माड़ा थाना क्षेत्र के बधौरा स्थित Adani Power के प्लांट में शनिवार सुबह एक मजदूर की मौत के बाद श्रमिकों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए मजदूरों ने प्लांट परिसर में जमकर हंगामा करते हुए तोड़फोड़ की और आग लगा दी। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सामने आए वीडियो में प्लांट परिसर से काले धुएं का बड़ा गुबार उठता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि प्लांट के अंदर एक साइट के नीचे भी आग लग गई थी। हालांकि आग प्लांट के किस हिस्से में लगी, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।

प्रशासनिक जानकारी के अनुसार प्लांट में कार्यरत मजदूर **लल्लन सिंह** की शुक्रवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक मूल रूप से झारखंड के गढ़वा जिले का निवासी बताया जा रहा है और लंबे समय से प्लांट में कार्यरत था। मजदूर की मौत की खबर फैलते ही साथी श्रमिकों में आक्रोश भड़क गया।

सूत्रों के अनुसार श्रमिक की मौत **ऊंचाई से गिरने** के कारण हुई हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। घटना के बाद श्रमिकों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए कुछ वाहनों में तोड़फोड़ भी की।

इधर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। बधौरा स्थित एमईएल प्लांट परिसर और आसपास के क्षेत्र में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं। वहीं श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Share:

Leave a Comment

समान समाचार