enewsmp.com
Home सीधी दर्पण कलेक्टर के निर्देश पर गैस गोदाम, वितरण स्थल एवं पेट्रोल पंपों का सघन निरीक्षण

कलेक्टर के निर्देश पर गैस गोदाम, वितरण स्थल एवं पेट्रोल पंपों का सघन निरीक्षण

पर्याप्त उपलब्धता, कालाबाजारी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई


सीधी (ईन्यूज एमपी)-घरेलू गैस उपभोक्ताओं को बिना किसी व्यवधान के नियमित एलपीजी उपलब्ध कराने तथा कालाबाजारी एवं अव्यवस्था की स्थिति पर सख्ती से नियंत्रण रखने के उद्देश्य से कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी के निर्देश पर जिले के गैस गोदामों, गैस वितरण स्थलों एवं पेट्रोल पंपों का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भंडारण, वितरण व्यवस्था तथा उपलब्धता की स्थिति का विस्तृत जायजा लिया।

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि घरेलू उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एलपीजी वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के लिए अब पिछली डिलीवरी के 25 दिन बाद ही रिफिल बुकिंग स्वीकार की जा रही है, जिसका सख्ती से पालन कराया जाएगा।

कलेक्टर ने यह भी चेतावनी दी है कि गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी अथवा अनियमित वितरण की शिकायत मिलने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार, सहायक एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारियों सहित संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में स्थित गैस गोदामों और वितरण स्थलों की नियमित एवं सतत निगरानी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कालाबाजारी की स्थिति उत्पन्न न हो। इसी के परिप्रेक्ष्य में दिनांक 12.03.2026 को डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी प्रियल यादव, नायब तहसीलदार एकता शुक्ला, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी राजेश कुमार सिंह तथा कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी रघुवंशमणि शुक्ला द्वारा सुखेजा फिलिंग, गंगा फ्यूल, विजय फिलिंग तथा प्रताप गैस एजेंसी, लीना गैस एजेंसी एवं शिव शक्ति गैस एजेंसी का औचक निरीक्षण किया गया।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू गैस एवं पेट्रोलियम पदार्थों की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा अनावश्यक रूप से एलपीजी का संग्रहण न करें। सभी उपभोक्ताओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर गैस उपलब्ध कराई जाएगी।

Share:

Leave a Comment

समान समाचार