सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भण्डारण पर रोक लगाने के उद्देश्य से गठित जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक आज मंगलवार 10 मार्च को जिला पंचायत सभागार में आयोजित की जाएगी। यह बैठक जनसुनवाई के बाद होगी, जिसकी अध्यक्षता कलेक्टर एवं समिति के अध्यक्ष श्री स्वरोचिष सोमवंशी करेंगे। प्रभारी अधिकारी (खनि शाखा) ने बताया कि बैठक में जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भण्डारण की रोकथाम के लिए विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही संयुक्त कार्यवाहियों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। विशेष रूप से सोन घड़ियाल अभ्यारण्य क्षेत्र में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन और भण्डारण पर नियंत्रण को लेकर भी चर्चा की जाएगी। बैठक में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं वन विभाग के अधिकारियों के लिए जारी दिशा-निर्देश पुस्तिका के अनुसार भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 4 के तहत अधिसूचित वनखंडों की धारा 5 से 19 एवं 20 के अंतर्गत जांच कार्यवाही पूर्ण कर उन्हें आरक्षित वनखंड घोषित करने के लिए अधिसूचना संभागायुक्त के माध्यम से शासन को भेजने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही माननीय सर्वोच्च न्यायालय में दायर विधिक याचिका क्रमांक 202/95 (श्री गोदावर्मन बनाम भारत शासन एवं अन्य) तथा रिट पिटीशन क्रमांक 301/2008 के अंतर्गत आई.ए. क्रमांक 9108/2024 में पारित निर्णय दिनांक 15 मई 2025 के अनुपालन में की जाने वाली कार्यवाही पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। बैठक में वन क्षेत्रों में अतिक्रमण करने वालों की बेदखली की कार्यवाही, इसके लिए संयुक्त दल के गठन, गैर वनभूमि क्षतिपूर्ति वृक्षारोपण की समीक्षा तथा परिक्षेत्र चुरहट अंतर्गत बीट शिकारगंज में जंगली हाथियों के विचरण की स्थिति पर भी चर्चा की जाएगी। इसके अलावा अन्य विषयों पर भी कलेक्टर एवं अध्यक्ष की अनुमति से विचार किया जाएगा।