सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग NH-39 पर ग्राम जोगीपुर के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बकरियों से लदे एक ट्रक और बल्कर ट्रक की आमने-सामने टक्कर में एक श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान 38 वर्षीय अब्दुल मजीद पुत्र अब्दुल हकीम, निवासी ग्राम हनुमानगढ़ थाना सिमरिया के रूप में हुई है। हादसे में बल्कर चालक समय लाल कुशवाहा, निवासी ग्राम बड़गांव भी घायल हुए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल सीधी में भर्ती कराया गया है। ट्रक में सवार दो अन्य घायल मौके से फरार हो गए, जिनकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार सिंगरौली से रीवा की ओर जा रहे ट्रक में करीब 485 बकरियां लदी थीं। इसी दौरान सीधी से सिंगरौली की तरफ जा रहा एक बल्कर ट्रक सामने से आ गया। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन आने के कारण दोनों वाहन अनियंत्रित होकर आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सिटी कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। ट्रक में लदी सभी बकरियों को पास के एक बाड़े में सुरक्षित रखा गया है, जहां उनके खाने-पानी की व्यवस्था की जा रही है। अस्पताल चौकी प्रभारी देवराज सिंह ने बताया कि दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और तीन लोग घायल हुए हैं। मामले की सूचना संबंधित थाने को भेज दी गई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।