enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी:शादी के विवाद में दो पक्षों में हिंसक झड़प, तीन गंभीर घायल

सीधी:शादी के विवाद में दो पक्षों में हिंसक झड़प, तीन गंभीर घायल

10 से अधिक लोगों ने घेरकर किया हमला, अस्पताल में भी हंगामा

रामपुर नैकिन(ईन्यूज एमपी)- थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पड़खुरी (587) में मंगलवार दोपहर शादी के पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें रामपुर नैकिन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायलों की पहचान श्यामसुंदर साहू, जोखनलाल साहू एवं ममता साहू निवासी पड़खुरी के रूप में हुई है।

बेटी की शादी में हुआ था विवाद

घायल जोखनलाल साहू की पत्नी आशा साहू ने बताया कि 24 फरवरी को उनकी बेटी की शादी के दौरान कुछ ग्रामीणों से विवाद हो गया था। उस समय आपसी समझाइश से मामला शांत करा दिया गया था, लेकिन रंजिश बनी रही।

रास्ते में घेरकर लाठी-डंडों से हमला

परिजनों के अनुसार मंगलवार को परिवार के सदस्य एक रिश्तेदार को रामपुर छोड़ने जा रहे थे। ग्राम कंधवार के पास 10 से अधिक लोगों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल पक्ष ने राजकुमार साहू, बब्बू साहू, रवि साहू, शेषमणि साहू, अंकुश साहू सहित अन्य लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है।

अस्पताल में भी किया हंगामा

घटना के बाद 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉ. अनूप मिश्रा ने प्राथमिक उपचार किया। आरोप है कि आरोपी पक्ष ने अस्पताल परिसर में भी विवाद करने का प्रयास किया, जिसके बाद डॉक्टर द्वारा पुलिस को सूचना दी गई।

मामला दर्ज, जांच शुरू

थाना प्रभारी सुधांशु तिवारी ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रकरण रामपुर नैकिन थाना में पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ कर दी गई है। तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Share:

Leave a Comment