सीधी (ईन्यूज एमपी)मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित सीधी पी.एस. धनवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि बैंक द्वारा जेम पोर्टल पर जारी की गई हार्डवेयर क्रय संबंधी निविदा के संबंध में कुछ भ्रामक एवं तथ्यहीन जानकारियां प्रसारित की जा रही हैं। इस संबंध में स्पष्ट किया गया है कि उक्त निविदा पूर्णतः नियमानुसार एवं सक्षम प्राधिकारी के अनुमोदन के अनुरूप जारी की गई है। उन्होंने बताया कि आवश्यक हार्डवेयर स्पेसिफिकेशन SLIMC द्वारा निर्धारित किए गए हैं, जिन्हें मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक (अपैक्स बैंक) की प्रशासक समिति द्वारा विधिवत अनुमोदित किया गया है। इसके पश्चात प्रदेश के सभी जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों को निर्धारित स्पेसिफिकेशन के अनुरूप हार्डवेयर क्रय करने हेतु निर्देश प्रदान किए गए थे। इन्हीं निर्देशों के अनुरूप तथा अन्य जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों द्वारा अपनाई गई प्रक्रिया के समान, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, सीधी द्वारा जेम पोर्टल पर एटीसी (Additional Terms & Conditions) निर्धारित करते हुए निविदा प्रकाशित की गई है। सीईओ ने बताया कि निविदा प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, प्रतिस्पर्धात्मक एवं जेम पोर्टल के प्रावधानों के अनुरूप संचालित की जा रही है। निविदा के संबंध में प्राप्त सभी रिप्रेजेंटेशन का नियत समयावधि में जेम पोर्टल पर उत्तर अपलोड कर निराकरण किया गया है, तत्पश्चात नियमानुसार आगामी कार्यवाही की गई है। किसी भी विशेष फर्म अथवा वेंडर को लाभ पहुंचाने का कोई उद्देश्य नहीं है। उन्होंने आमजन एवं संबंधित पक्षों से अनुरोध किया है कि भ्रामक एवं अपुष्ट जानकारियों पर विश्वास न करें।