सीधी(ईन्यूज एमपी)- होली पर्व के मद्देनज़र सीधी पुलिस ने जिलेवासियों से शांति, सौहार्द और जिम्मेदारी के साथ त्यौहार मनाने की अपील की है। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। सभी नागरिक त्यौहार को हर्षोल्लास के साथ मनाएं, लेकिन कानून-व्यवस्था और मर्यादा का पूरा ध्यान रखें। एसपी कोरी ने स्पष्ट किया कि होली के दौरान जिले में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच ब्रेथ एनालाइजर से की जाएगी तथा दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी व्यक्ति पर उसकी इच्छा के विरुद्ध रंग न लगाएं। महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों के साथ शालीन व्यवहार रखें। हेलमेट का उपयोग अनिवार्य करें, ट्रिपल राइडिंग से बचें और यातायात नियमों का पालन करें। सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक संदेश प्रसारित न करने की चेतावनी देते हुए एसपी ने कहा कि साइबर सेल द्वारा निगरानी की जा रही है और अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई होगी। ध्वनि प्रदूषण के संबंध में सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन करने तथा जुलूसों में सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की गई है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में नागरिक तत्काल डायल 112 या पुलिस कंट्रोल रूम सीधी (094799 98837) पर संपर्क कर सकते हैं। सीधी पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि त्यौहार के दौरान जिले में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।**