सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के मड़वास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कतरवार के दाड़ीटोला में शनिवार सुबह करीब 9 बजे बच्चा चोर के सक्रिय होने की सनसनीखेज घटना सामने आई। एक अज्ञात व्यक्ति चार माह के मासूम को उठाकर भागने लगा, लेकिन मां की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, कतरवार निवासी प्रवेश कुशवाहा के घर में उनका चार माह का बच्चा सो रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति घर में घुसा और मासूम को उठाकर ले जाने लगा। बच्चे की मां की नजर उस पर पड़ते ही उन्होंने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर ग्रामीण एकत्र हो गए और घेराबंदी शुरू कर दी। खुद को घिरता देख आरोपी ने बच्चे को जमीन पर फेंक दिया और जंगल की ओर फरार हो गया। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो बच्चा बेहोश अवस्था में मिला। तत्काल डायल 112 को सूचना दी गई और बच्चे को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास के जंगलों में सर्चिंग शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संदिग्ध की पहचान के प्रयास जारी हैं और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। मां की सतर्कता से एक बड़ी अनहोनी टल गई।