सीधी(ईन्यूज एमपी)- ग्राम जमोड़ी खुर्द, वार्ड क्रमांक 08 के ग्रामीणों ने निर्माणाधीन ओवरब्रिज के उत्तर दिशा में प्रस्तावित सड़क निर्माण को लेकर कड़ा विरोध जताया है। ग्रामीणों ने कलेक्टर सीधी और पश्चिम मध्य रेल के उप मुख्य अभियंता (निर्माण) को लिखित आवेदन सौंपकर बाउंड्री वॉल निर्माण पर आपत्ति दर्ज कराई है। ग्रामीणों का कहना है कि अधीक्षण यंत्री कार्यालय से नौंगवां खाड़ी नदी तक करीब 5 किलोमीटर लंबी और 18-20 फीट चौड़ी जमीन उन्होंने वर्षों पहले सड़क निर्माण के लिए निःशुल्क शासन को दी थी। इस सड़क का निर्माण शासन द्वारा कराया गया और समय-समय पर नगर पालिका द्वारा डामरीकरण भी किया जाता रहा है। बताया गया कि 85992 चैन पर रेलवे लाइन निर्माण के दौरान सड़क का कुछ हिस्सा रेल विभाग ने लिया था। अब उसी स्थल पर ओवरब्रिज बनाकर उसके उत्तर और दक्षिण दिशा में नई सड़क तैयार की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि उत्तर दिशा में बनाई जा रही सड़क के किनारे बाउंड्री वॉल खड़ी करने की योजना है, जिससे करीब 200 एकड़ खेत-खलिहान और कई मकानों तक पहुंचने का रास्ता बंद हो जाएगा। ग्रामीणों के अनुसार, पूर्व दिशा में एससी/एसटी और अन्य वर्गों के मकान व कृषि भूमि स्थित है। यदि दीवार खड़ी कर दी गई तो लोगों का अपने घरों और खेतों तक आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाएगा। उन्होंने मांग की है कि जहां नगर पालिका की पूर्व निर्मित सड़क मौजूद है, वहां दीवार न बनाई जाए और चढ़ने-उतरने के लिए स्लोप की व्यवस्था की जाए। साथ ही नई सड़क को पुरानी नगरपालिका सड़क से जोड़ा जाए ताकि ट्रैक्टर व अन्य वाहन सुगमता से आ-जा सकें। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो वे निर्माण कार्य का विरोध करने को बाध्य होंगे। आवेदन पर महेश प्रताप सिंह, कृष्ण कुमार सिंह, जीपेन्द्र सिंह, संग्राम सिंह, रामखेलावन, हरिवंश कोल सहित अन्य ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं। मामले में प्रशासन और रेल विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।