सीधी(ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश के राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने अपने दो दिवसीय सीधी प्रवास के दौरान मझौली जनपद के वनांचल ग्राम परसिली में जनजातीय समुदाय से संवाद किया, हितग्राहियों को लाभ वितरित किए, सत्यसाई आश्रम में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा चमराडोल में बैगा परिवार से आत्मीय मुलाकात कर बच्चों को शिक्षा के लिए प्रेरित किया। योजनाओं का लाभ पात्र तक पहुंचे, तभी विकसित भारत का संकल्प पूरा परसिली के स्कूल प्रांगण में आयोजित जनजातीय संवाद कार्यक्रम में राज्यपाल ने कहा कि पात्र व्यक्तियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाकर ही विकसित भारत का संकल्प साकार होगा। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से गरीब और जरूरतमंदों को प्राथमिकता से योजनाओं से जोड़ने का आह्वान किया। राज्यपाल ने कहा कि स्व सहायता समूहों ने महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाया है। समूहों से जुड़कर महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हुई हैं और निडर होकर अपने अनुभव साझा कर रही हैं। उन्होंने बताया कि जनजातीय वर्ग के लिए धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान में केंद्र सरकार द्वारा 80 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान है, जिससे 18 विभागों की योजनाओं का लाभ मिलेगा। पीएम जनमन योजना में 24 हजार करोड़ रुपये से 9 विभागों के माध्यम से लाभ दिए जा रहे हैं। आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपये तक निःशुल्क उपचार, पक्के मकान और हर घर शुद्ध पेयजल जैसी सुविधाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन के लिए नियमित जांच और दवा सेवन पर बल दिया। स्व सहायता समूह की महिलाओं ने साझा किए अनुभव संवाद कार्यक्रम में रमाबाई अंबेडकर स्व सहायता समूह की सदस्य साधना ने सिलाई, कृषि व बीमा कार्य से प्रतिमाह 10-15 हजार रुपये आय और वार्षिक एक लाख रुपये से अधिक कमाई की जानकारी दी। आस्था स्व सहायता समूह की अध्यक्ष ललिता ने किराना, टेंट हाउस और सिलाई कार्य से आत्मनिर्भर बनने का अनुभव साझा किया। दोनों ने स्वयं को “लखपति दीदी” बनने की बात कही। हितलाभ वितरण और प्रदर्शनी अवलोकन राज्यपाल ने विभिन्न विभागों के हितग्राहियों को लाभ वितरित किए। शशि बैगा को प्रधानमंत्री आवास स्वीकृति पत्र, अमजीत सिंह को लाडली लक्ष्मी योजना प्रमाण पत्र, खुशबू बैगा को जाति प्रमाण पत्र, प्रमिला सिंह को राज्य आजीविका मिशन से 6 लाख रुपये ऋण तथा संतोष श्रीवास्तव को सिकल सेल उपचार प्रमाण पत्र प्रदान किया। उन्होंने मध्यप्रदेश डे-आजीविका मिशन की प्रदर्शनी का अवलोकन कर हर्बल अबीर-गुलाल, महुआ लड्डू व अन्य उत्पादों की सराहना की तथा स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया। कार्यक्रम में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, विधायक कुंवर सिंह टेकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी, पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी सहित जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। सत्यसाई आश्रम में वृक्षारोपण राज्यपाल ने परसिली स्थित सत्यसाई आश्रम में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वृक्ष धरा के आभूषण हैं और पौधारोपण के साथ उनकी देखभाल भी प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। बच्चों और ग्रामीणों से संवाद करते हुए उन्होंने शिक्षा को समाज की उन्नति का आधार बताया तथा स्थानीय जनजातीय कला और संस्कृति को आजीविका से जोड़ने का सुझाव दिया। बैगा परिवार से मुलाकात, बच्चों को शिक्षा के लिए प्रेरित किया प्रवास के दौरान राज्यपाल चमराडोल पहुंचकर बैगा समुदाय के ओम प्रकाश बैगा के परिवार से मिले। प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत पक्का आवास मिलने पर उन्हें बधाई दी। परिवार ने शासन की योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी साझा की। राज्यपाल ने बच्चों शिवानी, शिवम और पुष्पेंद्र से संवाद कर शिक्षा के महत्व पर जोर दिया और माता-पिता की सेवा को जीवन का प्रथम कर्तव्य बताया। दो दिवसीय प्रवास के दौरान राज्यपाल का पारंपरिक जनजातीय नृत्य से स्वागत किया गया। उन्होंने कन्या पूजन एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रमों का शुभारंभ किया। राज्यपाल ने कहा कि उनका प्रयास है कि वे प्रदेश के दूरस्थ अंचलों तक पहुंचकर सीधे लोगों से संवाद करें और योजनाओं के प्रभाव का प्रत्यक्ष आकलन करें।