मऊगंज/सीधी(ईन्यूज एमपी)- राज्यपाल मंगुभाई पटेल आज 25 फरवरी से दो दिवसीय प्रवास पर मऊगंज और सीधी जिले के दौरे पर रहेंगे। जारी कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल दोपहर 2 बजे शहडोल से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान कर लगभग 2:30 बजे मऊगंज जिले के ग्राम सलैया पहुंचेंगे, जहां आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। सलैया में निर्धारित कार्यक्रम के पश्चात राज्यपाल शाम करीब 4:15 बजे हेलीकॉप्टर से परसिली (जिला Sidhi) के लिए रवाना होंगे और लगभग 5:15 बजे परसिली हेलीपैड पहुंचकर रिसॉर्ट में रात्रि विश्राम करेंगे। आज का शेष समय आरक्षित रखा गया है। 26 फरवरी को प्रातः 10:30 बजे राज्यपाल ग्राम परसिली में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद करेंगे। इसके बाद वे ग्राम चमराडोल पहुंचकर हितग्राही ओम प्रकाश बैगा एवं उनके परिजनों से गृह भेंट करेंगे। दोपहर लगभग 1:00 बजे राज्यपाल परसिली हेलीपैड से डुमना एयरपोर्ट, जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। राज्यपाल के आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। मऊगंज जिले के सलैया ग्राम में व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए कलेक्टर संजय कुमार जैन ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। सुरक्षा, प्रोटोकॉल और कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है।इसी प्रकार सीधी कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी द्वारा भी समस्त विभागों और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए राज्यपालके आगमन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है।