enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी: बोर्ड परीक्षा के बीच अंधेरे में गांव,कुर्वाह में हाथियों की आमद से बढ़ी परेशानी...

सीधी: बोर्ड परीक्षा के बीच अंधेरे में गांव,कुर्वाह में हाथियों की आमद से बढ़ी परेशानी...

सीधी (ईन्यूज एमपी)-जिले में इन दिनों एक ओर बोर्ड परीक्षाएं जारी हैं, तो दूसरी ओर दर्जनों गांव हाथियों की लगातार आवाजाही से दहशत और अव्यवस्था झेल रहे हैं। जिन क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से हाथियों की आमद दर्ज की गई है, ताजा अपडेट के अनुसार फिलहाल कुर्वाह के खेतों में हांथी विचरण कर रहे हैं वन विभाग के नियमानुसार 20 आगे और 20 पीछे वाले गांव की एहतियातन बिजली आपूर्ति बार-बार बंद की जा रही है, जिससे ग्रामीणों और परीक्षार्थियों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, संभावित खतरे को देखते हुए शाम होते ही कई गांवों की बिजली काट दी जाती है। इससे पेयजल आपूर्ति बाधित हो रही है, क्योंकि अधिकांश स्थानों पर पानी मोटर पंप के जरिए मिलता है। अंधेरे के कारण ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित है और रात्रि में असुरक्षा की भावना बनी हुई है। अभी तक जनहित में वन विभाग द्वारा एक प्रेसनोट तक नही जारी किया गया है और न ही जिम्मेदार अधिकारी फोन उठा रहे ...

सबसे अधिक असर बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों पर पड़ रहा है। लगातार बिजली बाधित होने से पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है। परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण समय में वैकल्पिक रोशनी की व्यवस्था न होना प्रशासनिक संवेदनहीनता को दर्शाता है। कई गांवों में न तो जेनरेटर की व्यवस्था की गई है और न ही सामुदायिक भवनों में अध्ययन के लिए पर्याप्त प्रकाश की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

इधर, हाथियों द्वारा खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। किसानों का कहना है कि नुकसान का आंकलन और मुआवजा प्रक्रिया में भी सुस्ती है। वन विभाग की सक्रिय निगरानी या त्वरित नियंत्रण के ठोस प्रयास जमीनी स्तर पर नजर नहीं आ रहे, जिससे ग्रामीणों में असंतोष बढता जा रहा है।

स्थिति यह है कि सुरक्षा के नाम पर बिजली बंद कर देना ही एकमात्र उपाय बन गया है, जबकि इससे उत्पन्न समस्याओं के समाधान की दिशा में कोई समन्वित वैकल्पिक व्यवस्था दिखाई नहीं देती। परीक्षा काल और ग्रामीण जीवन दोनों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, लेकिन अब तक ठोस एवं दीर्घकालिक समाधान सामने नहीं आ सका है।

Share:

Leave a Comment