enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी में मौसम का कहर: कुसमी-रामपुर नैकिन में ओलावृष्टि से फसलें चौपट, किसानों की बढ़ी चिंता

सीधी में मौसम का कहर: कुसमी-रामपुर नैकिन में ओलावृष्टि से फसलें चौपट, किसानों की बढ़ी चिंता

सीधी(ईन्यूज एमपी)-सोमवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली और जिले में हल्की बूंदाबांदी के साथ कई ग्रामीण इलाकों में तेज बारिश व ओलावृष्टि दर्ज की गई। शहर में जहां हल्की बारिश हुई, वहीं वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों में गिरे ओलों ने खेतों में खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया।

वनांचल क्षेत्र कुसमी के दरीमाडोल, भदौरा, शंकरपुर, खोखला, कतरवार सहित कई गांवों में तेज आंधी और ओलावृष्टि से खेत सफेद नजर आए। किसानों के मुताबिक, महज एक घंटे की इस मौसमी मार ने महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया।

इसी तरह रामपुर नैकिन और कधवार क्षेत्र में भी तेज बारिश, ओले और तूफानी हवाओं का असर देखने को मिला। अचानक बदले मौसम से सरसों, मटर और चने की फसल को व्यापक क्षति पहुंची है। इस पास के अन्य हिस्सों में भी बारिश की ज्ञानकारी सामने आ रही है

किसानों ने बताया कि सरसों की फलियां टूटकर खेतों में बिखर गई हैं, जिससे उत्पादन में भारी गिरावट की आशंका है। मटर की फसल जमीन पर गिर गई है और सड़ने का खतरा बढ़ गया है। वहीं चने की फसल भी प्रभावित हुई है।

लगातार बदलते मौसम और ओलावृष्टि से जिले के किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसान अब प्रशासन से फसल नुकसान के सर्वे और राहत की मांग कर रहे हैं।

Share:

Leave a Comment

समान समाचार