enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी सहित 8 जिलों में बारिश की चेतावनी, गरज-चमक के आसार

सीधी सहित 8 जिलों में बारिश की चेतावनी, गरज-चमक के आसार

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश में फरवरी महीने में चौथी बार मौसम करवट लेने जा रहा है। कम दबाव का क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) और सक्रिय टर्फ सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के पूर्वी हिस्से में बारिश, गरज-चमक और आंधी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने सोमवार को 8 जिलों में अलर्ट जारी किया है।

अलर्ट वाले जिलों में सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, मंडला, डिंडौरी और बालाघाट शामिल हैं।

मौसम केंद्र के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय लो प्रेशर एरिया बना हुआ है, जिससे एक टर्फ लाइन गुजर रही है। इसी सिस्टम का असर मध्य प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है। रविवार को दक्षिणी जिलों में बादल छाए रहे, जबकि सोमवार को पूर्वी जिलों में वर्षा का अनुमान है।

पहले 22 फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के सक्रिय होने का अनुमान था, लेकिन वह सिस्टम आगे बढ़ गया। इसी बीच लो प्रेशर एरिया और टर्फ की सक्रियता बढ़ने से प्रदेश में बारिश की स्थिति बन गई है।

फरवरी में इससे पहले तीन बार ओले, बारिश और आंधी का दौर आ चुका है, जिससे फसलों को नुकसान हुआ था। 18 से 21 फरवरी के बीच तीसरी बार प्रदेश में बारिश दर्ज की गई थी। अब 23 फरवरी को फिर वर्षा होने की संभावना जताई गई है।

बारिश के कारण दिन के तापमान में गिरावट आई है। रविवार को सर्द हवाओं से कुछ राहत मिली। पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अन्य जिलों में भी रात का पारा सामान्य से नीचे रहा।

Share:

Leave a Comment