enewsmp.com
Home सीधी दर्पण हांथियों का मूमेंट बरकरार रीवा -सीधी NH39 बाधित , दर्जनों गांव में छाया अंधेरा ...

हांथियों का मूमेंट बरकरार रीवा -सीधी NH39 बाधित , दर्जनों गांव में छाया अंधेरा ...

सीधी (ईन्यूज़ एमपी) – जिले में जंगली हाथियों की मौजूदगी से एक बार फिर दहशत का माहौल बना हुआ है। चुरहट क्षेत्र से विचरण करते हुए हाथियों का दल गोपद बनास तहसील अंतर्गत बढ़ौरा मिर्चवार गांव तक पहुंच गया है। देर रात हाथी बढ़ौरा स्थित गजराज शिव मंदिर परिसर के आसपास देखे गए, जिसके बाद वन विभाग और प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया।
अभी अभी प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रशासन द्वारा हाथियों को सुरक्षित तरीके से राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-39 (NH-39) पार कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में एहतियातन रीवा-सीधी मार्ग पर यातायात अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। फिलहाल हाथी बढ़ौरा शंकरजी के पास स्थित मिर्चवार अंधा मोड़ पहाड़ से सटे NH-39 क्षेत्र के आसपास विचरण कर रहे हैं, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित है। हाथियों की सक्रियता के चलते बढ़ौरा सहित आसपास के दर्जनों गांवों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए सेमरिया फीडर अंतर्गत आने वाले समस्त ग्रामों में बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई है, जिससे क्षेत्र में अंधेरा छाया हुआ है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कदम सुरक्षा की दृष्टि से उठाया गया है, ताकि हाथियों को करंट लगने या किसी विद्युत हादसे की आशंका न रहे।

उल्लेखनीय है कि पूर्व में बांधवगढ़ क्षेत्र में 7 जोड़े हाथियों में से 5 जोड़े हाथियों की करंट लगने से मौत हो चुकी है। इसी गंभीर घटना को ध्यान में रखते हुए अब जहां-जहां हाथियों की मौजूदगी होती है, वहां बिजली आपूर्ति बंद रखी जा रही है। इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी बांधवगढ़ प्रबंधन को भी लगातार अपडेट की जा रही है और हाथियों की मूवमेंट पर इंटरनेट व तकनीकी संसाधनों के माध्यम से नजर रखी जा रही है।
वन विभाग एवं प्रशासन की संयुक्त टीम लगातार मौके पर मौजूद है। ग्रामीणों को मुनादी के माध्यम से सतर्क किया जा रहा है कि वे हाथियों के नजदीक न जाएं, छेड़छाड़ न करें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त अमला तैनात है।

Share:

Leave a Comment