enewsmp.com
Home सीधी दर्पण देर रात्रि शिव मंदिर बढौरा पहुंचे गजराज, वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को किया सतर्क…

देर रात्रि शिव मंदिर बढौरा पहुंचे गजराज, वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को किया सतर्क…

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में जंगली हाथियों की आमद से एक बार फिर दहशत का माहौल निर्मित हो गया है। चुरहट क्षेत्र से विचरण करते हुए हाथियों का दल गोपद बनास तहसील अंतर्गत बढौरा गांव पहुंच गया, जहां देर रात गजराज शिव मंदिर परिसर तक आ पहुंचे। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को सतर्क किया और भीड़ न जुटाने की अपील की।

बढौरा सहित आसपास के दर्जनों गांवों में हाथियों की मौजूदगी से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। ग्रामीण पूरी रात जागकर अपने घरों और मवेशियों की सुरक्षा में जुटे रहे। खेतों और कच्चे मकानों के आसपास हाथियों की हलचल से लोग दहशत में हैं।

संभावित खतरे को देखते हुए सेमरिया इलाके में एहतियातन दो दिनों से बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई है, ताकि करंट या अन्य विद्युत हादसों की आशंका न रहे। बिजली विभाग का यह कदम सुरक्षा की दृष्टि से उठाया गया है।

वन विभाग एवं प्रशासन की टीम लगातार हाथियों की मूवमेंट पर नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों को मुनादी के माध्यम से सचेत किया जा रहा है कि वे हाथियों के नजदीक न जाएं, छेड़छाड़ न करें और सुरक्षित स्थान पर ही रहें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अमला तैनात है।

Share:

Leave a Comment

समान समाचार