enewsmp.com
Home सीधी दर्पण जंगली हाथियों की आमद पर अलर्ट: बढौरा क्षेत्र में मुनादी के निर्देश, सेमरिया डीसी की बिजली सप्लाई बंद...

जंगली हाथियों की आमद पर अलर्ट: बढौरा क्षेत्र में मुनादी के निर्देश, सेमरिया डीसी की बिजली सप्लाई बंद...

सीधी ( ईन्यूज एमपी) कार्यालय कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी सीधी द्वारा जिले में जंगली हाथियों के मूवमेंट को लेकर अतिआवश्यक आदेश जारी किए गए हैं। वन विभाग से प्राप्त सूचना के अनुसार हाथियों का दल वर्तमान में तहसील गोपद बनास के ग्राम बढ़ौरा क्षेत्र के आसपास विचरण कर रहा है। बढ़ौरा के समीप से सीधी-रीवा नेशनल हाईवे गुजरता है, जिससे सड़क मार्ग पर भी संभावित खतरे की आशंका जताई गई है। हांथियों के मूमेंट के चलते सेमरिया क्षेत्र के बढौरा , चूल्ही , कुबरी , मिर्चवार , कठौतहा , वरिगमा सहित अधिकांश गांव में पिछले 24 घंटे से अंधेरा छाया हुआ है ।

जारी निर्देशों में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) गोपद बनास एवं चुरहट को वन एवं राजस्व अमले के साथ समन्वय कर आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। प्रभावित क्षेत्रों में मुनादी कराकर आमजन को सतर्क करने, भीड़ न जुटाने और हाथियों से दूरी बनाए रखने की हिदायत दी गई है। साथ ही, यदि किसी ग्राम में हाथियों के मूवमेंट से नुकसान होता है तो तत्काल हल्का पटवारी से प्रकरण तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन का स्पष्ट उद्देश्य जन-धन की सुरक्षा, संभावित हादसों की रोकथाम और त्वरित राहत प्रक्रिया सुनिश्चित करना है।

गौरतलब है कि हाथियों की आमद को ध्यान में रखते हुए एहतियातन सेमरिया डीसी क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति कल से बंद कर दी गई है, ताकि करंट या अन्य विद्युत संबंधी दुर्घटनाओं की आशंका को रोका जा सके। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचना दें।

Share:

Leave a Comment