सीधी(ईन्यूज एमपी)-कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी की अध्यक्षता में जनगणना 2027 संबंधी गतिविधियों के सफल संचालन एवं सतत पर्यवेक्षण हेतु गठित जिला जनगणना समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना कार्य की तैयारियों, प्रशिक्षण, डिजिटल प्रक्रिया तथा समय-सीमा आधारित क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने जनगणना कार्य को शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में से एक बताते हुए सभी विभागों को गंभीरता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं की आधारशिला है, जिसके आंकड़ों के आधार पर शिक्षा, स्वास्थ्य, अधोसंरचना, रोजगार एवं कल्याणकारी योजनाओं का निर्माण एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होता है। अतः प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ करना होगा। कलेक्टर ने जनगणना कार्य निदेशालय मध्यप्रदेश द्वारा जारी निर्देशों एवं विहित प्रक्रियाओं का पालन करते हुए सभी कार्यवाहियों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से प्रशिक्षण कार्यक्रमों की गुणवत्ता पर ध्यान केंद्रित करने तथा प्रशिक्षुओं को व्यवहारिक एवं तकनीकी जानकारी प्रदान करने पर जोर दिया। साथ ही आमजन तक जनगणना से संबंधित सभी जानकारियां समय पर और प्रभावी माध्यमों से साझा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला प्रभारी अधिकारी सीधी, जनगणना कार्य निदेशालय भोपाल के सुमित मौर्य ने जनगणना 2027 की रूपरेखा, दिशा-निर्देशों एवं प्रक्रियाओं के विषय में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 पूर्णतः डिजिटल माध्यम से संपादित की जाएगी। यह दो चरणों में आयोजित होगीकृप्रथम चरण 01 मई 2026 से 30 मई 2026 तक चलेगा, जिसमें मकान सूचीकरण एवं भवन गणना का कार्य किया जाएगा। द्वितीय चरण फरवरी 2027 में आयोजित होगा, जिसमें जनसंख्या गणना की जाएगी। जनगणना की संदर्भ तिथि 01 मार्च 2027 की रात्रि 00रू00 बजे निर्धारित की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि जिला स्तर पर मास्टर ट्रेनर्स एवं संबंधित अधिकारियों का प्रशिक्षण 23 एवं 24 फरवरी 2026 को आयोजित किया जाएगा, जिससे आगामी कार्यों का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में संयुक्त कलेक्टर राजेश शुक्ला, उपखंड अधिकारी गोपद बनास राकेश शुक्ला, जिला जनसंपर्क अधिकारी मुकेश मिश्रा, सहायक संचालक शिक्षा ओशो उत्सव, तहसीलदार मीनाक्षी जायसवाल, जिला सूचना अधिकारी दशरथ प्रजापति एवं जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस मनीष सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।