सीधी(ईन्यूज एमपी)- सीधी जिले में अमिलिया और बहरी के बीच स्थित सोन नदी पुल पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रेत से लदा एक हाईवा वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना सुबह लगभग 7 बजे हुई, जिसमें चालक घायल हो गया। राहत की बात यह रही कि किसी अन्य जनहानि की सूचना नहीं है। बाइक को बचाने में बिगड़ा संतुलन प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाईवा तेज गति से पुल पार कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक बाइक को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। तेज ब्रेक के कारण वाहन संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे पलट गया। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस राहगीर प्रशांत चौबे ने तत्काल अमिलिया थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल पर दृश्यता स्पष्ट थी, लेकिन वाहन की अत्यधिक रफ्तार के कारण चालक नियंत्रण नहीं रख सका। रेत से भरा था वाहन दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल चालक को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था कराई। थाना प्रभारी राकेश बैस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में वाहन रेत से भरा पाया गया है। वाहन सड़क किनारे पलटा है, जिससे यातायात बाधित नहीं हुआ और जाम की स्थिति नहीं बनी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।