सीधी(ईन्यूज एमपी)-सीधी संसदीय क्षेत्र में आधारभूत विकास को नई मजबूती मिली है। क्षेत्र में 88 सड़कों की स्वीकृति मिलने पर सांसद डॉ. राजेश मिश्र ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री मोहन यादव तथा लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया है। सांसद ने बताया कि वर्ष 2047 के विकसित भारत के विजन को साकार करने की दिशा में उनके संसदीय क्षेत्र अंतर्गत सिंगरौली जिले में 41, सीधी जिले में 36 तथा ब्यौहारी (जिला शहडोल) विधानसभा क्षेत्र में 11 सड़कों सहित कुल 88 सड़कों के निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी तथा आवागमन अधिक सुगम बनेगा। साथ ही, आधारभूत संरचना सुदृढ़ होने से आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी और सामाजिक विकास को नई दिशा प्राप्त होगी। सांसद ने केंद्र और प्रदेश सरकार के सहयोग को क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए सभी संबंधित विभागों का आभार जताया।