enewsmp.com
Home सीधी दर्पण अवैध रेत परिवहन पर बड़ी कार्रवाई: पांच हाइवा वाहन जब्त, खनिज-पुलिस की संयुक्त टीम का सघन अभियान

अवैध रेत परिवहन पर बड़ी कार्रवाई: पांच हाइवा वाहन जब्त, खनिज-पुलिस की संयुक्त टीम का सघन अभियान

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए दो दिनों तक सघन जांच अभियान चलाया। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी स्वरोचिष सोमवंशी तथा पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन में 17 एवं 18 फरवरी 2026 की रात्रि खनिज एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा व्यापक कार्रवाई की गई। अभियान जिला खनिज अधिकारी कपिल मुनि शुक्ला के मार्गदर्शन तथा प्रभारी खनि निरीक्षक शिशिर यादव एवं देवेन्द्र महोबे के नेतृत्व में संचालित हुआ।

जांच के दौरान ग्राम पथरौला, तहसील मड़वास में तीन हाइवा वाहन अवैध रूप से रेत का परिवहन करते पाए गए। इनमें एक बिना नंबर का हाइवा (चेसिस क्रमांक MAT448181G3H1926), वाहन क्रमांक MP53ZG6670 तथा MP53HA2379 शामिल हैं। इन सभी वाहनों को नियमानुसार जब्त कर पुलिस चौकी पथरौला में सुरक्षित खड़ा कराया गया है।

इसी प्रकार ग्राम खाम्ह, तहसील गोपद बनास में दो हाइवा वाहन क्रमांक MP17ZG3011 एवं MP53HA2337 अवैध रेत परिवहन करते हुए पकड़े गए। इन्हें भी जब्त कर थाना कोतवाली सीधी में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है।

सभी वाहन स्वामियों एवं चालकों के विरुद्ध मध्यप्रदेश अवैध खनिज (उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर माननीय कलेक्टर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। बिना नंबर प्लेट के खनिज परिवहन करने वाले वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई के लिए जिला परिवहन विभाग को पृथक पत्र भेजा जाएगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रकरणों की विस्तृत विवेचना कर प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता के तहत भी अलग से प्रकरण दर्ज किए जाएंगे।

कलेक्टर द्वारा जिला टास्क फोर्स की कार्यवाहियों की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Share:

Leave a Comment