enewsmp.com
Home सीधी दर्पण महाशिवरात्रि आज: सीधी जिले के शिवालयों में उमड़ी आस्था की भीड़, सुबह से जलाभिषेक और पूजा-अर्चना जारी

महाशिवरात्रि आज: सीधी जिले के शिवालयों में उमड़ी आस्था की भीड़, सुबह से जलाभिषेक और पूजा-अर्चना जारी

सीधी(ईन्यूज एमपी)- महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर मंगलवार सुबह से ही जिले के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालु प्रातःकाल से ही भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए कतारबद्ध होकर जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर रहे हैं। मंदिरों में “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

जिले के प्रमुख शिव मंदिरों में बढौरा शिव मंदिर, चदरेंह शिव मंदिर, नीलकंठ महादेव मंदिर मौहार तथा देवघटा शिव मंदिर सहित अन्य शिवालयों में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया है और जगह-जगह भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया जा रहा है।

महाशिवरात्रि के अवसर पर कई स्थानों पर भंडारे का आयोजन किया गया है, जहां श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जा रहा है। व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए मंदिर समितियों और प्रशासन द्वारा आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

वहीं शाम को सीधी शहर में भोले बाबा की भव्य बारात निकाली जाएगी। इस बारात की तैयारियां पिछले कई दिनों से चल रही हैं। बारात में आकर्षक झांकियां, डीजे एवं पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ श्रद्धालु उत्साहपूर्वक शामिल होंगे। पूरे शहर में पर्व को लेकर विशेष उत्साह और उल्लास का माहौल बना हुआ है।

Share:

Leave a Comment