सीधी(ईन्यूज एमपी)- छात्रवृत्ति से संबंधित लंबित कार्यों में लापरवाही बरतने पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने समस्त संस्था प्रमुख शासकीय हाईस्कूल एवं उच्च माध्यमिक विद्यालय, विकासखण्ड समन्वयक जनपद शिक्षा केन्द्र तथा अशासकीय शालाओं के प्रधानाध्यापकों को समेकित छात्रवृत्ति कार्य पूर्ण करने के लिए प्रशिक्षण सह-कार्यशाला में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। जारी निर्देशानुसार 16 फरवरी को शासकीय उ.मा.वि. क्रमांक-2 में समस्त प्राचार्य शासकीय हाईस्कूल एवं उच्च माध्यमिक विद्यालय उपस्थित रहेंगे। वहीं 17 फरवरी को सभी विकासखण्ड समन्वयक, अशासकीय शाला संचालक एवं प्रधानाध्यापक प्रशिक्षण सह-कार्यशाला में भाग लेंगे। सभी संबंधित अधिकारियों को अपने ऑपरेटर/छात्रवृत्ति प्रभारी के साथ निर्धारित स्थान एवं समय पर उपस्थित होकर लंबित कार्यों को मौके पर ही पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशिक्षण के दौरान एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर शत-प्रतिशत प्रोफाइल अपडेट एवं लॉक की स्थिति, इनवैलिड खातों का चिन्हांकन एवं सैंक्शन की प्रगति, सत्र 2025-26 में असफल खातों के अपडेट, एमपीटास्क पोर्टल पर सत्र 2024-25 एवं 2025-26 के प्रोफाइल की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही एनएसपी पोर्टल पर लंबित ओटीआर वेरिफिकेशन, स्कॉलरशिप सैंक्शन की स्थिति तथा छात्रवृत्ति से संबंधित लंबित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण की भी विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। उल्लेखनीय है कि छात्रवृत्ति योजना अंतर्गत एजुकेशन पोर्टल 3.0 एवं एमपीटास्क पोर्टल के माध्यम से संचालित कार्यों की जिलेवार समीक्षा आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल द्वारा की गई थी। समीक्षा में पाया गया कि स्कूल एवं संकुल स्तर पर छात्रवृत्ति से जुड़े अनेक कार्य अब भी लंबित हैं, जबकि पिछले छह से सात माह से निरंतर विभिन्न माध्यमों से कार्य पूर्ण करने के निर्देश जारी किए जा रहे थे। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि छात्रवृत्ति वितरण में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। निर्धारित समय-सीमा में सभी लंबित कार्य पूर्ण कर पात्र विद्यार्थियों को समय पर लाभ सुनिश्चित करना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी।