सीधी(ईन्यूज एमपी)- भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा प्रायोजित वित्तीय साक्षरता सप्ताह 2026 का आयोजन 9 से 13 फरवरी तक किया जा रहा है। इस वर्ष की थीम “केवाईसी सुरक्षित बैंकिंग की ओर पहला कदम” निर्धारित की गई है। इसी क्रम में विकासखंड सीधी अंतर्गत ग्राम पंचायत माटा में वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। अग्रणी जिला प्रबंधक श्री अवध बिहारी चौधरी के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों को सुरक्षित बैंकिंग, केवाईसी अपडेट, डिजिटल लेनदेन और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में बचत की आदत, बीमा, निवेश, पेंशन योजनाएं, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण, डिजिटल बैंकिंग के लाभ तथा साइबर फ्रॉड से बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी गई। शिविर के दौरान उपस्थित ग्रामीणों की बैंकिंग संबंधी समस्याएं सुनी गईं और मौके पर समाधान भी किया गया। साथ ही संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत विभिन्न शासकीय योजनाओं से संबंधित आवेदन भी प्राप्त किए गए। वित्तीय साक्षरता परामर्शदाता श्री अश्वनी जायसवाल ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई), प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई) और अटल पेंशन योजना (एपीवाई) सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे समय पर केवाईसी अपडेट कराएं और सुरक्षित बैंकिंग के नियमों का पालन करें। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही। आयोजन का उद्देश्य गांव-गांव तक वित्तीय जागरूकता पहुंचाना और लोगों को डिजिटल व सुरक्षित बैंकिंग के प्रति प्रेरित करना रहा।