सीधी (ईन्यूज़ एमपी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट किसान, महिला, युवा और व्यापारियों के लिए हितकारी और कल्याणकारी बजट है। यह बजट एमएसएमई और स्टार्टअप के माध्यम से युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं बल्कि नौकरी देने वाला उद्यमी बनाने की दिशा में मजबूत कदम है। इस बजट के तहत प्रत्येक राज्य को लगभग 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक और प्रत्येक जिले को औसतन 6635 करोड़ रुपये से अधिक का बजट मिलेगा, जिससे जिले और राज्य आर्थिक रूप से सशक्त एवं समृद्ध बनेंगे। उक्त विचार धौंहनी विधानसभा के विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने भाजपा कार्यालय में आयोजित केंद्रीय बजट पर व्यापारी संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान ने की, जबकि सीधी विधायक रीती पाठक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज सशक्त और आत्मनिर्भर बन रहा है। जहां पूरी दुनिया आर्थिक मंदी के दौर से गुजर रही है, वहीं भारत की अर्थव्यवस्था विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि अमेरिका जैसे विकसित देश का कुल कर्ज जीडीपी का 111 प्रतिशत से अधिक है, जबकि भारत का कर्ज जीडीपी का 4.5 प्रतिशत से भी कम है। केंद्रीय बजट में व्यापारियों के हितों का विशेष ध्यान रखा गया है। टैक्स स्लैब, इनकम टैक्स और जीएसटी में पहले से दी गई राहत को बजट में बरकरार रखा गया है, जिसका व्यापारियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया। टेकाम ने कहा कि एक देश-एक टैक्स व्यवस्था लागू होने से व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है और आज व्यापारी निर्भय होकर अपना व्यापार कर रहे हैं। भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान ने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि प्रस्तुत केंद्रीय बजट में समाज के सभी वर्गों के हित और विकास को केंद्र में रखा गया है। बजट में व्यापारियों के साथ-साथ किसान, महिला, युवा और छात्र वर्ग पर विशेष फोकस किया गया है। उन्होंने बताया कि छात्रों के लिए नि:शुल्क छात्रावास की व्यवस्था, महिलाओं के लिए स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भरता और युवाओं के लिए स्टार्टअप के अवसर इस बजट को सर्वव्यापी और सर्वस्पर्शी बनाते हैं। यह बजट सबका साथ, सबका विकास के मंत्र को साकार करता है। 2047 के विकसित भारत की दिशा में ठोस रोडमैप : रीती पाठक सीधी विधायक रीती पाठक ने कहा कि केंद्रीय बजट 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के स्पष्ट विजन के साथ प्रस्तुत किया गया है। इस बजट में व्यापारियों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए दूरगामी सोच के साथ सशक्तिकरण की मजबूत व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि पहले देश में दो-दो बजट की परंपरा थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक देश-एक बजट की व्यवस्था ने पारदर्शिता और मजबूती प्रदान की है। यह बजट भारत को आत्मनिर्भर बनाने में मील का पत्थर साबित होगा। व्यापारी संवाद कार्यक्रम में नवनियुक्त संभागीय सह प्रशिक्षण प्रभारी के.के. तिवारी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, गोपाल गुप्ता, कमल कामदार, भोला प्रसाद गुप्ता, आलोक केसरी सहित अन्य वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए बजट को व्यापारी-पोषित और विकासोन्मुखी बताया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से डॉक्टर देवेंद्र त्रिपाठी, जिला उपाध्यक्ष अशोक पटेल, बजट टोली संयोजक विश्वबंधुधर द्विवेदी, मनीला सिंह चौहान, जिला महामंत्री अनिल पाण्डेय, चंद्रपाल सिंह उइके, लोरिक प्रसाद यादव, उमाशंकर यादव, सूर्य प्रताप सिंह, जिला मीडिया प्रभारी सुरेंद्र मणि दुबे, सुनीता रानी वर्मा, मंडल अध्यक्ष पंकज पाण्डेय, सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।